नई दिल्ली। देश की जनता ने एक बार फिर नरेंद्र मोदी पर भरोसा जताया है और उन्हें अगले पांंच साल के लिए देश की बागडोर सौंप दी है। भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत के बाद एक तरफ जहां बीजेपी समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है। वहीं, कांग्रेस में माहौल गमगीन है। लोकसभा चुनाव में भाजपा और उसकी सहयोगी पार्टियों को मिल रही बढ़त को लेकर पीएम मोदी ने ट्वीट किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया है, उन्होंने लिखा- 'सबका साथ+सबका विकास+सबका विश्वास= विजयी भारत'।
लोकसभा चुनाव में लगातार दूसरी बार ” प्रचंड मोदी लहर” पर सवार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) रिकॉर्ड सीटों के साथ केंद्र की सत्ता पर काबिज होने जा रही है।
निर्वाचन आयोग की ओर से बृहस्पतिवार को जारी मतगणना के रुझानों के अनुसार भाजपा 303 सीटों पर जीत चुकी है वही एनडीए का आंकड़ा 352 तक पहुंच चूका है, कांग्रेस 52 सीटों पर एवं यूपीए 96 सीट पर ही सिमट गया है। आयोग ने सभी 542 सीटों के रुझान जारी किये हैं। 2014 में भाजपा ने लोकसभा की 543 सीटों में से 282 सीटें जीती थीं। भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) 2014 की 336 सीटों के मुकाबले 352 सीटों पर काबिज हो चूका है।

पीएम मोदी ने पार्टी कार्यालय में बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के साथ पार्टी हेडक्वार्टर पहुंचे पीएम मोदी का लोगों ने फूलों की बारिश कर के स्वागत किया। पीएम मोदी ने कहा कि चुनावों के बीच क्या हुआ, मेरे लिए वो बात बीत चुकी है। हमें सबको साथ लेकर चलना है। घोर विरोधियों को भी देशहित में उन्हें साथ लेकर चलना है। इस प्रचंड बहुमत के बाद भी नम्रता के साथ लोकतंत्र की मर्यादाओं के बीच चलना है। संविधान हमारा सुप्रीम है, उसी के अनुसार हमें चलना है।चुनाव रुझानों का बाजार ने भी स्वागत किया है। बीएसएसी सेंसेक्स ने पहली बार 40 हजार की ऊंचाई को छुआ वहीं एनएसई के निफ्टी ने 12 हजार के स्तर को पार किया। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया भी 14 पैसे मजबूत होकर 69.51 पैसे पर रहा। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। मतगणना के रुझानों के आधार पर चुनाव परिणामों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता, उनकी सरकार के पिछले पांच साल के कार्यों और चुनाव प्रचार अभियान का नतीजा माना जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अब देश में सिर्फ दो जाति ही रहने वाली हैं और देश इन दो जातियों पर ही केंद्रित होने वाला है। 21वीं सदी में भारत में एक जाति है- गरीब और दूसरी जाति है- देश को गरीबी से मुक्त कराने के लिए कुछ न कुछ योगदान देने वालों की। पीएम मोदी ने कहा कि 2014 से 2019 आते आते सेक्युलरिज्म की जमात ने बोलना बंद कर दिया। इस चुनाव में एक भी राजनैतिक दल सेक्युलरिज्म का नकाब पहन कर जनता को गुमराह नहीं कर पाया। ये चुनाव ऐसा है, जहां महंगाई को एक भी विरोधी दल मुद्दा नहीं बना पाया। ये चुनाव ऐसा है जिसमें कोई भी दल हमारी सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर उसे मुद्दे नहीं बना पाया।
भाजपा ने अपना चुनाव प्रचार राष्ट्रीय सुरक्षा और राष्ट्रवाद के इर्द-गिर्द रखा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार कांग्रेस पार्टी की वंशानुगत विरासत पर निशाना साधा। विपक्ष ने भाजपा पर ध्रुवीकरण और बांटने वाली राजनीति के आरोप लगाते हुए हमला बोला। राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण राज्य उत्तर प्रदेश में जहां समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) गठबंधन को एक कड़ी टक्कर के तौर पर पेश किया जा रहा था, वहां 80 लोकसभा सीटों में से 58 पर भाजपा आगे चल रही है। जबकि सपा 6 सीटों पर और बसपा 12 सीटों पर बढ़त बनाये हुए है। हालांकि पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने 71 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
मोदी लहर ने हिंदी पट्टी और गुजरात में ही परचम नहीं लहराया है बल्कि पश्चिम बंगाल, ओडिशा, महाराष्ट्र और कर्नाटक में भी पार्टी को शानदार बढ़त दिलाई है। सिर्फ केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश ही अछूते दिखाई दिये हैं। यहां तक की तेलंगाना में भी भाजपा चार सीटों पर बढ़त बनाये हुए हैं। मतगणना के रुझानों के अनुसार, हिंदी भाषी राज्यों में भी भाजपा ने चौंकाया है। इनमें वे राज्य भी शामिल हैं जिनमें कांग्रेस ने हाल ही में विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। मध्य प्रदेश में भाजपा 29 में से 28 लोकसभा सीटों पर जीत चुकी है। राजस्थान में भाजपा नीत राजग सभी 25 सीटों पर विजयी हुई है। छत्तीसगढ़ में भी भाजपा 9 सीटों पर काबिज़ हुई है, जबकि कांग्रेस एक दो पर ही सिमट गयी है। हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों में से भाजपा सभी १० सीटों पर कब्ज़ा जमाये हुए है।
ओडिशा की 21 लोकसभा सीटों में से भाजपा आठ सीटों पर जबकि बीजू जनता दल 13 सीटों पर जीती है। 2014 में बीजद ने 20 सीटें जीती थीं जबकि भाजपा ने एक पर जीत दर्ज की थी। बिहार की 40 लोकसभा सीटों में से भाजपा 16, जनता दल (यू) 14 सीट, लोजपा छह सीटों पर जीती है। झारखंड में भाजपा 12 सीटों पर जबकि उसकी सहयोगी पार्टी आजसू एक और कांग्रेस दो सीटों पर जीती है। दिल्ली में भाजपा सभी सातों लोकसभा सीटों पर विजयी हुई है। पश्चिम बंगाल की 42 लोकसभा सीटों में से 22 पर तृणमूल कांग्रेस बढ़त बनाये हुए है जबकि भाजपा 18 पर जीती है। राज्य में वाम का सूपड़ा साफ हो गया है।
मतगणना के रूझानों में बढ़त के साथ-साथ देशभर में भाजपा के दफ्तरों पर उत्सव का माहौल हो गया। ढोल-नगाड़ों के साथ नाचते-गाते कार्यकर्ताओं ने अपनी खुशी का इजहार शुरू कर दिया है। वर्ष 2014 में भाजपा ने 282 सीटों पर जीत दर्ज की थी जबकि कांग्रेस अपने सर्वकालिक न्यूनतम आंकड़े 44 सीटों पर सिमट गयी थी। कांग्रेस ने 2009 में 206 सीटें जीती थी।
नरेंद्र मोदी ने कहा-बदनीयत से नहीं करूंगा कोई काम
अकेले बीजेपी अपने दम पर बहुमत से भी ज्यादा मतों से आगे चलकर केंद्र में सरकार बनाने के लिए तैयार है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने देश की जनता का आभार व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी कार्यालय में बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के साथ पार्टी हेडक्वार्टर पहुंचे पीएम मोदी का लोगों ने फूलों की बारिश कर के स्वागत किया।
पीएम मोदी ने कहा कि चुनावों के बीच क्या हुआ, मेरे लिए वो बात बीत चुकी है। हमें सबको साथ लेकर चलना है। घोर विरोधियों को भी देशहित में उन्हें साथ लेकर चलना है। इस प्रचंड बहुमत के बाद भी नम्रता के साथ लोकतंत्र की मर्यादाओं के बीच चलना है। संविधान हमारा सुप्रीम है, उसी के अनुसार हमें चलना है।
राष्ट्रीय परिणाम
प्रदेश | भाजपा | कांग्रेस | अन्य |
---|---|---|---|
मध्य प्रदेश | 28 | 1 | 0 |
छत्तीसगढ़ | 9 | 2 | 0 |
राजस्थान | 25 | 0 | 0 |
गुजरात | 26 | 0 | 0 |
उत्तर प्रदेश | 62 | 1 | 17 |
बिहार | 39 | 1 | 0 |
उत्तराखंड | 5 | 0 | 0 |
पश्चिम बंगाल | 18 | 2 | 22 |
झारखंड | 12 | 2 | 0 |
कर्नाटक | 26 | 2 | 0 |
केरल | 18 | 0 | 2 |
लक्षद्वीप | 1 | 0 | 0 |
महाराष्ट्र | 41 | 5 | 2 |
मणिपुर | 1 | 0 | 1 |
मेघालय | 0 | 1 | 1 |
मिजोरम | 0 | 0 | 1 |
नगालैंड | 1 | 0 | 0 |
दिल्ली | 7 | 0 | 0 |
ओडिशा | 8 | 0 | 13 |
पुडुचेरी | 1 | 0 | 0 |
पंजाब | 4 | 8 | 1 |
सिक्किम | 0 | 0 | 1 |
तमिलनाडु | 1 | 33 | 4 |
तेलंगाना | 4 | 4 | 9 |
त्रिपुरा | 2 | 0 | 0 |
अंडमान व नोकोबार | 0 | 1 | 0 |
आंध्र प्रदेश | 0 | 0 | 25 |
अरुणाचल प्रदेश | 2 | 0 | 0 |
असम | 9 | 3 | 2 |
चंडीगढ़ | 1 | 0 | 0 |
दादरा और नगर हवेली | 0 | 0 | 1 |
दमन और दीव | 1 | 0 | 0 |
गोवा | 1 | 1 | 0 |
हरियाणा | 10 | 0 | 0 |
हिमाचल प्रदेश | 4 | 0 | 0 |
जम्मू-कश्मीर | 3 | 2 | 1 |
Post A Comment: